राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जिले से जुड़े दो गंभीर मामलों को लेकर पृथक-पृथक ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने डोंगरगढ़ स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में लगातार हो रही गौवंशों की मौत तथा युवा पत्रकारों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान ने बयान जारी कर बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के समक्ष डोंगरगढ़ स्थित शासकीय अनुदान प्राप्त श्रीकृष्ण गौशाला में विगत चार माह के दौरान आवारा कुत्तों के हमले से 15 से अधिक गौवंशों की मौत का मामला गंभीरता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि गौशाला प्रबंधन की घोर लापरवाही, सुरक्षा व्यवस्था की विफलता तथा गौवंशों के संरक्षण के प्रति उदासीनता का परिणाम है। गौवंशों की सुरक्षा की संपूर्ण जिम्मेदारी गौशाला समिति की होने के बावजूद लगातार हो रही मौतें अत्यंत चिंताजनक हैं।
जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि गौवंशों की सुरक्षा के नाम पर सरकारी अनुदान लेने वाली संस्थाओं की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, यदि गौशाला में ही गौवंश सुरक्षित नहीं हैं, तो यह पूरे तंत्र की विफलता है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी समिति पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा गौशाला में तत्काल प्रभाव से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सनसिटी कॉलोनी के समीप युवा पत्रकार सौरभ ताम्रकार एवं योगेश साहू पर तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने तथा विरोध करने पर दोबारा लौटकर हमला करने के प्रयास की घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि पत्रकारों पर जानलेवा हमला किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। घटना में प्रयुक्त वाहन पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने हत्या के प्रयास सहित सभी प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को आज ही भगोड़ा घोषित करने की विधिक प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी तथा शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व विधायक छन्नी साहू, रमेश डाकलिया, कुतुबुद्दीन सोलंकी, अशोक फडणवीस, कमलजीत सिंह पिंटू, अनीस खान, पंकज बांधव, दुर्गेश द्विवेदी, शिशुपाल भारती, विजयराज चौहान, चुम्मन साहू, कांती बंजारे, मतीन खान, विष्णु लोधी, अमित अग्रवाल, अकील मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

ताज़ा ख़बर :
- मेहनतकश श्रमिकों के जीवन में शासन की योजनाएं ला रही महत्वपूर्ण परिवर्तन : डॉ. रमन सिंह
- गुरु पूर्णिमा पर आईटीबीपी के संजय यादव का सम्मान, नवोदय विद्यालय ने दी भावभीनी विदाई
- टांकापारा स्कूल में कीचड़ से गुजरने की मजबूरी, जर्जर भवन की छत से टपक रहा पानी : जितेन्द्र मुदलियार
- ऑल वॉलंटरी एसोसिएशन ने कबीर नगर आंगनवाड़ी में बांटी शैक्षणिक सामग्री
- करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा : भोले भँडा़री हैं शिव !
- “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण
- आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल
- ‘आदि अमितान’ अभियान : पीएम जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के तहत घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
