मानपुर। नेशनल हाईवे-930 एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। बीती रात दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल तीन में से दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था, वहीं तीसरी गंभीर रूप से घायल युवती को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया, जहां देर रात उसने भी अंतिम सांस ले ली।
मृतकों में सरवन टोप्पा (42) निवासी खेड़ेगांव, दिपेश यादव (25) निवासी रायसिंग शालहे, मोहला और प्रियंका मंडावी (24) निवासी मिचगांव, थाना खडगांव शामिल हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर वही मलबे से भरी बोरी मिली, जिस पर रेडियम टेप और लोहे की छोटी पाइप लगाकर सुधार का दिखावा किया गया था। तीन दिन पहले भी हाइवे पर दो लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन किया था। सुधार के नाम पर किए गए इस अस्थायी इंतजाम पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों की आशंका है कि कहीं इस बोरी से टकराकर ही मोटरसाइकिल सवार अनियंत्रित तो नहीं हुए।
पिछले हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाइवे निर्माण एजेंसी पर एफआईआर की मांग को लेकर आंदोलन किया था। पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन खत्म हुआ। लेकिन हैरानी यह है कि चौथे दिन भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई और इसी बीच दो और मौतों ने प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की हालत भी बदतर है। मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की 108 एंबुलेंस करीब दो महीने से नदारत है।
बीएमओ डॉ. गिरीश खोब्रागढ़े का कहना है कि वह कई बार एजेंसी को अनुरोध भेज चुके हैं, पर अब तक एंबुलेंस सेवा बहाल नहीं हुई।
108 एंबुलेंस न होने के बावजूद बीएमओ और पुलिस ने तेजी दिखाई। सूचना मिलते ही बीएमओ ने अस्पताल की दूसरी एंबुलेंस मौके पर भेजी। थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा स्वयं 112 वाहन के साथ पहुंचे और एंबुलेंस पहुँचने से पहले ही अपनी गाड़ी तथा 112 की मदद से घायलों को अस्पताल रवाना कराया।
हादसे ने एक बार फिर हाईवे निर्माण में लापरवाही, प्रशासनिक सुस्ती और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को सामने ला दिया है। ग्रामीणों का गुस्सा फिर भड़कना तय माना जा रहा है।

ताज़ा ख़बर :
- मेहनतकश श्रमिकों के जीवन में शासन की योजनाएं ला रही महत्वपूर्ण परिवर्तन : डॉ. रमन सिंह
- गुरु पूर्णिमा पर आईटीबीपी के संजय यादव का सम्मान, नवोदय विद्यालय ने दी भावभीनी विदाई
- टांकापारा स्कूल में कीचड़ से गुजरने की मजबूरी, जर्जर भवन की छत से टपक रहा पानी : जितेन्द्र मुदलियार
- ऑल वॉलंटरी एसोसिएशन ने कबीर नगर आंगनवाड़ी में बांटी शैक्षणिक सामग्री
- करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा : भोले भँडा़री हैं शिव !
- “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण
- आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल
- ‘आदि अमितान’ अभियान : पीएम जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के तहत घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
